Accident News: बदहाल सड़क ने कराया हादसा, ट्रैक्टर पलटने से ईंटों में दबे दो लोग
ट्रैक्टर सड़क पर बने बड़े गड्ढे में फंस गया, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उसमें लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और पास से गुजर रहे युवक तथा बच्चा उनकी चपेट में आ गए।

BILASPUR NEWS. तखतपुर में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कें एक बार फिर हादसे की वजह बन गईं। नया बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर ईंटों से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वहां से गुजर रहे एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा ईंटों के ढेर में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर सड़क पर बने बड़े गड्ढे में फंस गया, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर के पलटते ही उसमें लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और पास से गुजर रहे युवक तथा बच्चा उनकी चपेट में आ गए।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, व्यापारी और राहगीर मौके पर पहुंचे।
लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ईंटों का ढेर हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय रहते राहत कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है और गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण का भूमिपूजन हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है। बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। हादसे के बाद लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।








