छत्तीसगढ़

Bilaspur News: विश्व हृदय दिवस पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर का मेगा वॉकाथॉन

Bilaspur News: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मेगा वॉकाथॉन का आयोजन किया गया।

Bilaspur News: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मेगा वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए |
अपोलो सिटी सेंटर, सीएमडी चौक से शुरू हुई लगभग 4 किलोमीटर लंबी वॉकाथॉन का समापन अरपा रिवर व्यू में हुआ। इसमें 1,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ शहर के विभिन्न सामाजिक एवं प्रमुख संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। 20 से अधिक प्रमुख संगठनों एवं एसोसिएशनों ने भी वॉकाथॉन में सहभागिता कर हृदय स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जागरूकता का संदेश दिया.

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल हृदय रोगों के प्रति जागरूकता पैदा करना ही नहीं, बल्कि लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, समय पर स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना भी रहा।

अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर: आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की रणनीतिक दिशा
कार्यक्रम के दौरान श्री अभय कुमार गुप्ता ने अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर की वर्तमान उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं के रणनीतिक उन्नयन तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर का उद्देश्य केवल बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि क्षेत्र में एक ऐसा समग्र स्वास्थ्य सेवा तंत्र विकसित करना है, जहां मरीजों को आधुनिक जांच, चिकित्सा, शल्य चिकित्सा एवं गंभीर रोगों की देखभाल संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि बदलती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में चिकित्सा विशेषज्ञता, आधुनिक तकनीक, बुनियादी ढांचे और मरीज-केंद्रित सेवाओं को लगातार उन्नत किया जा रहा है। आने वाले समय में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं में सेवाओं के विस्तार तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

श्री गुप्ता ने कहा कि अपोलो हॉस्पिटल्स का प्रयास है कि उत्तर छत्तीसगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो।
कार्यक्रम में श्री प्रकाश कुमार सर्वे, नगर निगम आयुक्त; श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक; श्री रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात|

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा ग्रेवाल; सीआईएमएस के डीन डॉ. रमनेश मूर्ति; बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ,उपाध्यक्ष विजय कांत तिवारी, अपोलो हॉस्पिटल के पीआरओ डॉ. देवेश कुमार, सहित चिकित्सा, प्रशासन एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

स्वस्थ जीवनशैली के लिए सामूहिक संदेश
कार्यक्रम में लोगों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि नियमित पैदल चलना एवं शारीरिक सक्रियता, संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, तनाव को नियंत्रित रखना तथा तंबाकू एवं धूम्रपान से दूरी जैसे कदम स्वस्थ जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली किसी एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत होनी चाहिए।
आयुष्मान योजना के माध्यम से हृदय रोगियों को उपचार सुविधा
इस अवसर पर अपोलो प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर में हृदय रोग से संबंधित उपचार सेवाओं को भी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस पहल से आयुष्मान योजना के पात्र मरीजों को आधुनिक एवं उन्नत हृदय संबंधी उपचार की सुविधा बिलासपुर में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
अपोलो प्रबंधन ने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और पात्र मरीजों को आवश्यक उपचार की सुविधा उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध हो।
उन्नत कैथ लैब के साथ हृदय रोग उपचार में नई उपलब्धियां
कार्यक्रम के बाद अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के हृदय रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मीडिया से संवाद करते हुए हृदय रोग उपचार की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक तथा समग्र उपचार पद्धति की जानकारी साझा की।
डॉ. महेंद्र प्रसाद सामल, हृदय रोग विशेषज्ञ, ने बताया कि अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर का हृदय रोग विभाग लगातार उन्नत हृदय चिकित्सा की दिशा में विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की उन्नत कैथ लैब में (IVUS ) इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड और रोटेशनल एथेरेक्टॉमी (ROTA) जैसी आधुनिक तकनीकों को हृदय संबंधी इंटरवेंशनल उपचार की क्षमताओं में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ सही मरीज का चयन, चिकित्सकीय मूल्यांकन और विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वित निर्णय भी हृदय उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जटिल हृदय रोग के मामलों में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट और कार्डियक सर्जन के बीच बेहतर समन्वय से मरीज के लिए उपयुक्त उपचार रणनीति तय करने में सहायता मिलती है।
जटिल हृदय शल्य चिकित्सा में विशेषज्ञता
डॉ. पंकज सक्सेना, हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ, ने कहा कि जटिल हृदय रोगों के उपचार में विभिन्न विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय और समग्र उपचार दृष्टिकोण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अपने 25 वर्षों से अधिक के अनुभव तथा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चिकित्सकीय अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा विशेषज्ञता को बिलासपुर में उपलब्ध कराना क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर हृदय रोग विभाग से डॉ. अभिषेक कौशले एवं डॉ. रूपेश श्रीवास्तव, हृदय रोग विशेषज्ञ, भी उपस्थित रहे और कार्डियक टीम के साथ मरीजों के लिए उपलब्ध उन्नत उपचार सुविधाओं एवं विभाग की विशेषज्ञ सेवाओं के बारे में जानकारी साझा की।
स्वस्थ हृदय के लिए सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान अपोलो हॉस्पिटल्स की टीम, विशेषज्ञ चिकित्सकों, विभिन्न संगठनों एवं वॉकाथॉन में शामिल प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि हृदय स्वास्थ्य को केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित न रखें।

नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित भोजन, तंबाकू एवं धूम्रपान से दूरी, रक्तचाप, मधुमेह एवं कोलेस्ट्रॉल का नियंत्रण, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।
मेगा वॉकाथॉन के माध्यम से अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर ने लोगों को यह संदेश दिया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए उठाए गए छोटे-छोटे सकारात्मक कदम लंबे समय में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं।

अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर का संदेश
“दिल के लिए चलें, सेहत के लिए जुड़ें।”
“एक स्वस्थ कदम आज, एक स्वस्थ दिल कल।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india