छत्तीसगढ़

Crime News: पानी भरने के विवाद में खूनी संघर्ष, ऑटो चालक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

महिमा नगर निवासी शज्जाद अली पेशे से ऑटो चालक है। बीती 7 मई की रात जब वह काम से लौटा, तब घर का मोटर पंप शॉर्ट सर्किट की वजह से अपने आप चालू हो गया था।

BILASPUR NEWS. न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के महिमा नगर में पानी भरने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक ऑटो चालक के घर में घुसकर पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी और गमले से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शॉर्ट सर्किट से चालू हुआ मोटर बना विवाद की जड़

​जानकारी के अनुसार, महिमा नगर निवासी शज्जाद अली पेशे से ऑटो चालक है। बीती 7 मई की रात जब वह काम से लौटा, तब घर का मोटर पंप शॉर्ट सर्किट की वजह से अपने आप चालू हो गया था। अगली सुबह जब शज्जाद पानी भरने गया, तब उसके पड़ोसी कुणाल मानिकपुरी और उसके रिश्तेदारों ने रात में बोर चालू करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।

घर में घुसकर किया हमला

​शज्जाद ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि मोटर उसने चालू नहीं किया था, लेकिन विवाद शांत होने के कुछ देर बाद आरोपी कुणाल गाली-गलौज करते हुए शज्जाद के घर में घुस आया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए शज्जाद पर कुल्हाड़ी (टंगिया) और गमले से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में शज्जाद लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अफवाह फैलाने का भी आरोप

​घायल पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की है, जिसके कारण वह अस्पताल पहुँचा है। पीड़ित ने इन आरोपों को पूरी तरह से निराधार और भ्रामक बताया है।

पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि हमलावरों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india