BEMETRA NEWS: हैवानियत की सारी हदें पार; महिला की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, हाथ-पैर काटकर नदी में फेंका, 10 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। 50 वर्षीय महिला की हत्या के बाद शव के साथ दुष्कर्म, हाथ-पैर काटकर शिवनाथ नदी में फेंकने के मामले में पुलिस ने 10 दिन बाद आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर लिया।

BEMETRA NEWS: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। चंदनु थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की पहले हत्या कर दी गई, फिर आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर आरी से काटकर दो गठरियों में बांधा और शिवनाथ नदी में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली (42) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 जुलाई की रात की है। महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला आरोपी उसके घर में घुस गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने फावड़े के बेंत से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने महिला के शव के साथ भी दुष्कर्म किया। इसके बाद घर में रखी लकड़ी काटने वाली आरी से शव के दोनों हाथ और पैर काट दिए। धड़ और कटे हुए अंगों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर पहले अपनी झोपड़ी में छिपाया और अगले दिन शिवनाथ नदी में फेंक आया।
मृतका 7 जुलाई से लापता थी। परिजनों ने तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई। 9 जुलाई को मृतका के बेटे को अमरैया नाला और शिवनाथ नदी के किनारे साड़ी में बंधी दो गठरियां दिखाई दीं। पुलिस ने जब उन्हें खोला तो एक में महिला का धड़ और दूसरी में कटे हुए हाथ-पैर मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन, डॉग स्क्वॉड, एफएसएल टीम और साइबर तकनीक की मदद से जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक रामप्रसाद सोनवानी पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद मृतका के घर से 2,500 रुपये नकद भी ले गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये, हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी पहले भी वर्ष 2017 में एक महिला की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, शव के साथ दुष्कर्म और चोरी समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। मामले की विवेचना जारी है।







