छत्तीसगढ़

RAIPUR NEWS: कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला, छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या

RAIPUR NEWS. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर कायराना हरकत करते हुए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केलाम क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुई।

RAIPUR NEWS. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर कायराना हरकत करते हुए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केलाम क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुई। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले मजदूरों से नाम पूछकर उनकी पहचान की और फिर चुनकर गोलियां चला दीं।

मृतकों की पहचान दीपक रात्रे (24), निवासी ग्राम बुंदेली, जिला सक्ती तथा भूपेंद्र भैना (28), निवासी ग्राम छूंइहा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार, हथियारबंद आतंकी ईंट भट्ठे पर पहुंचे और वहां काम कर रहे प्रवासी मजदूरों से पूछताछ की। पहचान के बाद हिंदू मजदूरों को निशाना बनाते हुए उन पर कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें दीपक और भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

सक्ती जिले के रहने वाले दीपक रात्रे करीब एक वर्ष पहले परिवार के भरण-पोषण के लिए कश्मीर गए थे। उनके परिवार में वृद्ध मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और दो वर्षीय बेटा है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी भूपेंद्र भैना तीन महीने पहले ही रोजगार की तलाश में कश्मीर पहुंचे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो वर्षीय पुत्र, बहन और दादी हैं। दोनों ही अपने परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे आतंकियों की कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय कर दोनों श्रमिकों के पार्थिव शरीर शीघ्र छत्तीसगढ़ लाने तथा परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी

हमले के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमले के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) का हाथ हो सकता है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india