Crime News: पहले भरोसा जीता, फिर सुनसान जगह ले जाकर खुलवाए जेवर… कागज की पुड़िया में सोना गायब, CCTV से ठगों की तलाश
राजकिशोर नगर निवासी रमंती उपाध्याय (66) बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने नाती के साथ वसंत बिहार चौक में साड़ी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान ऑटो सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से कहा कि उनके नाती की तबीयत खराब है।

BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना क्षेत्र में ठगी का एक शातिर तरीका सामने आया है। दो युवकों ने 66 वर्षीय महिला को पहले नाती की तबीयत खराब होने की बात कहकर अपने विश्वास में लिया और फिर ऑटो में बैठाकर बहतराई चौक के पास सुनसान जगह ले गए। वहां महिला से उसके सोने के जेवर उतरवाए गए। आरोपियों ने जेवर कागज में लपेटने का नाटक किया और मौका पाकर सोना निकालकर उसकी जगह लोहे का चूड़ा रख दिया। महिला को जब ठगी का पता चला तो उसके होश उड़ गए। अब पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
बातों में उलझाया और नाती को घर भेज दिया
राजकिशोर नगर निवासी रमंती उपाध्याय (66) बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने नाती के साथ वसंत बिहार चौक में साड़ी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान ऑटो सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से कहा कि उनके नाती की तबीयत खराब है। महिला उनकी बातों में आ गई और नाती को घर भेज दिया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला को ऑटो में बैठाया और बहतराई चौक की ओर ले गए।
सुनसान जगह पहुंचते ही शुरू हुआ असली खेल
बहतराई चौक के पास महिला को ऑटो से उतारकर आरोपी डी-मार्ट के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां उन्होंने महिला को अपने झांसे में लेकर उसके पहने हुए सोने के जेवर उतरवा लिए।
महिला ने करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन, 8 ग्राम की अंगूठी और करीब दो तोले की सोने की चूड़ियां आरोपियों को दे दीं।
कागज की पुड़िया में सोने की जगह रख दिया लोहे का चूड़ा
आरोपियों ने जेवरों को कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान उन्होंने बड़ी सफाई से सोना निकाल लिया और कागज में लोहे का चूड़ा रख दिया। इसके बाद कुछ देर में लौटने की बात कहकर दोनों वहां से फरार हो गए।
महिला ने जब कागज खोलकर देखा तो उसमें सोने के जेवरों की जगह लोहे का चूड़ा मिला। तब उसे समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है।
ये भी पढ़ें:मेला दिखाने के बहाने नाबालिग को कोरबा ले जाकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
CCTV में दिखा पूरा मूवमेंट, ऑटो बना अहम सुराग
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध युवक महिला को ऑटो से उतारकर ले जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और ऑटो के नंबर का पता लगाने में जुटी है।
महिला की तबीयत बिगड़ने के कारण तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। पुलिस संदिग्धों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।







