छत्तीसगढ़
Crime News: अस्पताल से फरार हुआ उम्रकैद का कैदी, पुलिस की सुरक्षा में बड़ी चूक उजागर
फरार कैदी की पहचान साहब कुमार ताती (26) के रूप में हुई है, जो बिहार के जमुई जिले का निवासी है। उसे हत्या के मामले में विशेष अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास के साथ 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। वह मार्च 2025 से जेल में निरुद्ध था।

RAIPUR NEWS. राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) से मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी पुलिस सुरक्षा को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: CG High Court News: एक अभ्यर्थी, कई चयन… अब नहीं रहेगा पद खाली: हाईकोर्ट ने वेटिंग लिस्ट को दिया हक
पुलिस के अनुसार, फरार कैदी की पहचान साहब कुमार ताती (26) के रूप में हुई है, जो बिहार के जमुई जिले का निवासी है। उसे हत्या के मामले में विशेष अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास के साथ 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। वह मार्च 2025 से जेल में निरुद्ध था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन मंगलवार को कैदी ने किसी बहाने से उनका ध्यान भटकाया और मौके का फायदा उठाकर वार्ड से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अस्पताल परिसर में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। शहर के प्रमुख बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाहरी मार्गों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही, अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरारी के रास्ते का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें: Crime News: बिलासपुर में लुटेरों के हौसले बुलंद: चलती स्कूटी से महिला का मंगलसूत्र लूटा, ऑटो से जेवर भरा बैग पार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




