गंगा जी की तर्ज पर अरपा जी की भव्य महाआरती, 5100 दीपों से जगमगाया छठ घाट; फायर शो ने मोहा मन
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में छठ महापर्व की शुरुआत आस्था और भक्ति के भव्य नजारे के साथ हुई। अरपा नदी के छठ घाट पर गंगा जी की तर्ज पर अरपा जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में छठ महापर्व की शुरुआत आस्था और भक्ति के भव्य नजारे के साथ हुई। अरपा नदी के छठ घाट पर गंगा जी की तर्ज पर अरपा जी की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। ब्रह्म बाबा आश्रम के महंत श्री श्री 1008 त्यागी प्रेम दास जी महाराज के सानिध्य में छठ पूजा समिति ने इस धार्मिक आयोजन को संपन्न कराया। इस दौरान 5100 दीपों के दीपदान से पूरा छठ घाट जगमगा उठा। अरपा तट पर उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महाआरती में विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सभापति विनोद सोनी सहित कांग्रेस नेता विजय केसरवानी, राजेंद्र शुक्ला और प्रमोद नायक समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्तिक मास में दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से 5100 दीप जलाकर अरपा नदी में प्रवाहित किए गए। दीपों की रोशनी से छठ घाट का नजारा बेहद आकर्षक नजर आया। आयोजन के दौरान भव्य आतिशी फायर शो, पंथी नृत्य और विभिन्न प्रकार की रंगोलियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। अलग-अलग टोलियों में पहुंचे श्रद्धालु अरपा नदी में दीप प्रवाहित करते नजर आए।
इधर, नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज हो चुका है। छठ पर्व पर अरपा नदी के करीब एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
छठ घाट के आसपास बदले यातायात के रास्ते
श्रद्धालुओं की भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की ओर से आने वाले वाहनों सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वहीं छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
व्रतियों को मिलेगी विशेष छूट
पुलिस ने छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है। सिर पर पूजा की टोकरी यानी दौरी लेकर जाने वाले व्रतियों और उनके परिजनों के वाहनों को छठ घाट के नजदीक तक जाने की अनुमति दी जाएगी, ताकि उन्हें पूजा सामग्री लेकर अधिक दूरी तक पैदल न चलना पड़े।
आठ से अधिक पार्किंग स्थल बनाए गए
श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए आठ से अधिक स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
कुल मिलाकर अरपा महाआरती के साथ बिलासपुर में छठ महापर्व का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। अब श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने और छठी मैया की आराधना के लिए उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों में जुटे हैं।








