Mahasamund news: तरबूज की आड़ में गांजा तस्करी; महासमुंद पुलिस ने पकड़ा 1.12 करोड़ का माल, 6 गिरफ्तार
Mahasamund news. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर तैनात पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सरायपाली के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक पिकअप और कार को रोका, जिसमें से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया गया।

Mahasamund news. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर तैनात पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सरायपाली के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक पिकअप और कार को रोका, जिसमें से 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
तरबूज के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे खेप
सिंघोड़ा थाना प्रभारी संतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक पिकअप वाहन (OD15V 4676) को रोका गया, जो ऊपर से तरबूजों से लदा हुआ था। जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो तरबूजों के नीचे 9 प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला।
पायलट बनकर चल रही थी लग्जरी कार
तस्करी के इस खेल में आरोपी काफी सतर्क थे। पिकअप को सुरक्षित निकालने के लिए उसके आगे-आगे एक हुंडई कार (UP96Q 3658) चल रही थी। कार में सवार 4 लोग रास्ते की रेकी कर रहे थे ताकि पुलिस दिखने पर पीछे आ रही पिकअप को अलर्ट कर सकें। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई।
ओडिशा से यूपी के चित्रकूट जा रही थी खेप
पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे गांजे की यह खेप ओडिशा के संबलपुर जिले से लेकर उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में से 4 उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
जब्ती का विवरण:
कुल गांजा: 2 क्विंटल 25 किलो
अनुमानित कीमत: 1,12,50,000 रुपये
वाहन: एक पिकअप और एक कार जब्त
गिरफ्तारी: 6 अंतर्राज्यीय तस्कर पुलिस हिरासत में
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।








