छत्तीसगढ़

Viral Video News: बिलासपुर में युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, 80% झुलसा, सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक घटना

ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (28) शुक्रवार दोपहर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पास के ही एक पेट्रोल पंप पहुँचा। वहाँ उसने डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और कुछ दूर जाकर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद उसने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और माचिस जलाकर आग लगा ली।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौशरी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 28 वर्षीय एक युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक आत्मदाह जैसा आत्मघाती कदम उठाते दिख रहा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (28) शुक्रवार दोपहर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पास के ही एक पेट्रोल पंप पहुँचा। वहाँ उसने डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और कुछ दूर जाकर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर दी। इसके बाद उसने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और माचिस जलाकर आग लगा ली।

चीखते हुए सड़क पर भागा युवक

आग की लपटों से घिरे युवक को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक दर्द से चीखते-चिल्लाते हुए करीब 20 मीटर तक भागा और फिर जमीन पर लोटने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। आग इतनी भीषण थी कि युवक की बुलेट मोटरसाइकिल भी जलकर खाक हो गई।

हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

युवक को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से पहले सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के बयान और सीसीटीवी में विरोधाभास

हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में पुलिस को दिए प्राथमिक बयान में युवक ने इसे एक हादसा बताया है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में वह स्पष्ट रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। युवक ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india