छत्तीसगढ़

Accident News: अकलतरा-खटोला मार्ग पर मौत की टक्कर: बैंक मैनेजर की कार से भिड़ी बाइक, एक युवक की दर्दनाक मौत, तीन जिंदगी से जूझ रहे

कोटगढ़ गांव के चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अकलतरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान अकलतरा-खटोला मार्ग पर सामने से आ रही कार क्रमांक CG 10 AU 1762 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

JANJGIR CHAMPA NEWS. जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में अकलतरा-खटोला मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आमने-सामने हुई तेज टक्कर में बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

कोटगढ़ से अकलतरा आ रहे थे चार युवक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोटगढ़ गांव के चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अकलतरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान अकलतरा-खटोला मार्ग पर सामने से आ रही कार क्रमांक CG 10 AU 1762 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीण बैंक की महिला मैनेजर चला रही थीं कार

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कार एक महिला चला रही थीं, जो ग्रामीण बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं। वह रोज की तरह बिलासपुर से बलौदा ड्यूटी के लिए जा रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने भूपेंद्र धीवर (25 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल बुधराम धीवर (35 वर्ष), डेमन धीवर (24 वर्ष) और भोलू (30 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी, वाहन जब्त

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर लिया गया है। वहीं कार चला रही महिला बैंक मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india