तुलसी पौधे के पास रील बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं के सिर फूटे
रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठडीह बीएसयूपी कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

RAIPUR NEWS.राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र अंतर्गत काठडीह बीएसयूपी कॉलोनी में रविवार रात सोशल मीडिया रील बनाने के विवाद ने एक हिंसक मोड़ ले लिया। कॉलोनी के ब्लॉक नंबर-18 में तुलसी के पौधे के समीप वीडियो बनाने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी, डंडे और लात-घूंसे चले। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने आई महिलाओं सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके सिर और नाक पर जानलेवा हमले किए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है।
तुलसी गमले को हिलाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ब्लॉक नंबर-18 की निवासी प्रमिला सेन ने बताया कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का गमला रखा हुआ है। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदौस बेगम के बच्चे वहां आकर रील बना रहे थे। वीडियो बनाने के दौरान बच्चे गमले को पकड़कर लगातार हिला रहे थे। जब प्रमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से मना किया और तुलसी के पौधे की धार्मिक महत्ता व सम्मान की समझाइश दी, तो बच्चे वहां से चले गए।
लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जानलेवा हमला
समझाइश के कुछ ही देर बाद विवाद ने तब उग्र रूप ले लिया जब फिरदौस बेगम और उनकी बहन सल्तनत बेगम घर से बाहर निकल आईं। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। आरोप है कि सल्तनत बेगम अपने हाथ में डंडा लेकर मौके पर पहुंची और प्रमिला सेन पर हमला कर दिया। इसी बीच फिरदौस बेगम और मेहताब खान ने भी गाली-गलौज करते हुए प्रमिला पर हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों की बरसात कर दी।
बीच-बचाव करने आई महिला लहूलुहान
कॉलोनी में शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पड़ोसी पिंकी जार्ज ने जब स्थिति बिगड़ती देख बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। सल्तनत बेगम ने पिंकी जार्ज के सिर और नाक पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। स्थानीय नागरिकों की मदद से किसी तरह मामला शांत कराया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बजंरग दल का प्रदर्शन, इलाके में तनाव
रविवार को हुई इस हिंसक घटना के विरोध में बुधवार रात को दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ता आक्रोश जताने के लिए सुअर लेकर अचानक काठडीह बस्ती में घुस गए। बस्ती में सुअर लाने के बाद अचानक सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वहीं सड़क पर बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
कॉलोनी में तनाव की सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया और इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से संभाला।
मुजगहन थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रमिला सेन की शिकायत के आधार पर आरोपी सल्तनत बेगम, फिरदौस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विवाद की मुख्य वजह रील बनाने को लेकर शुरू हुई आपसी कहासुनी थी। पुलिस फिलहाल मामले की कार्रवाई कर रही है।







