News

शराब पिलाकर जीजा की हत्या, गमछे से घोंटा गला, नाले की रेत में दफनाया शव, 4 गिरफ्तार

मदनवाड़ा थाना पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए जीजा की हत्या के मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पत्नी से मारपीट और अवैध संबंध के शक को लेकर पारिवारिक रंजिश बढ़ी और साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

RAIPUR NEWS.मदनवाड़ा थाना पुलिस ने अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए जीजा की हत्या के मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पत्नी से मारपीट और अवैध संबंध के शक को लेकर पारिवारिक रंजिश बढ़ी और साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने शराब पिलाने के बहाने मृतक को खेत में ले जाकर गमछे से गला घोंट दिया और शव को नाले की रेत में दफना दिया था।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च को भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने कोहका नाले के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। मदनवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।

हैदराबाद से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन सिंह अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में चंदन ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए अपना अपराध कबूल किया।

पत्नी से मारपीट और संबंधों के शक ने बढ़ाई रंजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक कदम अपनी पत्नी परमेश्ररी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसे पत्नी के अपने ममेरे भाई चंदन के साथ संबंध होने का शक था। दूसरी ओर परमेश्ररी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ कदम के व्यवहार से नाराज था। इसी पारिवारिक विवाद ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

चंदन और चमन ने अपने साथी हेमंत राणा तथा एक नाबालिग को भी योजना में शामिल कर लिया।

शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गए

28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका और शराब पिलाने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले गए। वहां अधिक नशे में होने के बाद आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दबा दिया गया। मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चंदन सिंह अंधारे (25), चमन लाल देहरी (24), हेमंत राणा (21) और एक नाबालिग को पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india