छत्तीसगढ़
Bilaspur News: ‘त्रिनेत्र’ बना जनआंदोलन: शहरवासियों ने दिया जबरदस्त साथ, एक करोड़ की स्वस्फूर्त राशि जुटी
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने की। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित शहर के कई प्रमुख सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

BILASPUR NEWS. शहर में चल रहे ‘त्रिनेत्र सेवा समिति’ अभियान को अब व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। नागरिकों की सहभागिता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक करीब एक करोड़ रुपये की स्वस्फूर्त राशि एकत्रित की जा चुकी है। इस अभियान को और विस्तार देने के लिए समिति की महत्वपूर्ण बैठक इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, तारबाहर चौक में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने की। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित शहर के कई प्रमुख सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में त्रिनेत्र परियोजना पर विस्तृत पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें परियोजना के उद्देश्यों और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। तय किया गया कि तकनीकी समिति की अगली बैठक 20 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसमें टेलीकॉम कंपनियों और अडानी गैस के अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार समिति का गठन किया गया है, जो फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जागरूकता बढ़ाएगी। इस समिति की जिम्मेदारी मनीष अग्रवाल को सौंपी गई है।
इसके अलावा, विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों को जोड़ने के लिए सुनील सोंथालिया की अध्यक्षता में एक अलग समिति बनाई गई है। वहीं, गणमान्य नागरिकों और संगठनों से सहयोग जुटाने के लिए प्रवीण झा की अगुवाई में एक अन्य समिति गठित की गई है।
बैठक में सभी सदस्यों ने एक स्वर में ‘त्रिनेत्र’ अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



