Cyber Fraud: स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर साइबर ठगी, महिला के खाते से ₹70 हजार पार
सिरगिट्टी के बजरंग नगर आवासपारा की रहने वाली सरस्वती देवी, जो कि एक गृहणी हैं, इस ठगी का शिकार हुईं। उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की सिरगिट्टी शाखा में है।

BILASPUR NEWS. न्यायधानी में साइबर ठगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां एक शातिर ठग ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर एक महिला को अपना शिकार बनाया। ठग ने स्मार्ट मीटर लगाने का झांसा देकर महिला के बैंक खाते से करीब 70 हजार रुपये उड़ा लिए।
क्या है पूरा मामला?
सिरगिट्टी के बजरंग नगर आवासपारा की रहने वाली सरस्वती देवी, जो कि एक गृहणी हैं, इस ठगी का शिकार हुईं। उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की सिरगिट्टी शाखा में है। घटना की शुरुआत 17 मार्च को हुई, जब उनके बेटे के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि विभाग के निर्देशानुसार घर में नया स्मार्ट मीटर लगाया जाना है।
एटीएम कोड मांगकर की धोखाधड़ी
ठग ने प्रक्रिया के नाम पर महिला को झांसे में लिया और कहा कि इसके लिए 13 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करना होगा। बातचीत के दौरान उसने बड़ी चतुराई से महिला से उनके एटीएम कार्ड के अंतिम चार अंकों का कोड पूछ लिया। परिवार को लगा कि यह एक सामान्य सरकारी प्रक्रिया है, इसलिए उन्होंने जानकारी साझा कर दी।
जानकारी मिलते ही ठग ने महिला के खाते से दो बार में कुल 69,998 रुपये निकाल लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि ट्रांजैक्शन के समय पीड़िता को मोबाइल पर कोई मैसेज भी प्राप्त नहीं हुआ।
बैंक स्टेटमेंट से हुआ खुलासा
ठगी का पता तब चला जब 8 मई को महिला बैंक में स्टेटमेंट निकलवाने पहुंची। खाते से बड़ी रकम गायब देख परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत सिरगिट्टी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिरगिट्टी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश जारी है।
सावधान रहें: बिजली विभाग या कोई भी बैंक कभी भी आपसे फोन पर एटीएम पिन, ओटीपी या कार्ड के गुप्त अंक नहीं मांगता। ऐसी किसी भी कॉल आने पर तुरंत सतर्क हों और जानकारी साझा न करें।








