छत्तीसगढ़
Crime News: बिलासपुर में कट्टा अड़ाकर ट्रेलर से 100 लीटर डीजल की लूट, सफेद स्कॉर्पियो से फरार हुए चार बदमाश
प्रार्थी प्रियांशु साहू (निवासी गया विहार, सरकंडा) ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8 बजे ट्रेलर क्रमांक CG10BL8136 को मरम्मत के लिए सेंदरी स्थित जय ऑटो मोबाइल के पास भेजा गया था।

BILASPUR NEWS. कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर खड़े एक ट्रेलर से कट्टे की नोक पर सनसनीखेज तरीके से डीजल लूटने का मामला सामने आया है। घटना ग्राम सेंदरी स्थित ‘जय ऑटो मोबाइल’ के सामने की है, जहां चार अज्ञात बदमाशों ने ट्रेलर चालक को जान से मारने की धमकी देकर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया। शिकायत के बाद कोनी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रियांशु साहू (निवासी गया विहार, सरकंडा) ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8 बजे ट्रेलर क्रमांक CG10BL8136 को मरम्मत के लिए सेंदरी स्थित जय ऑटो मोबाइल के पास भेजा गया था। दुकान में जगह नहीं होने के कारण चालक जितेन्द्र कुमार ने ट्रेलर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और उसी में सो गया।
विरोध करने पर कनपटी पर सटाया कट्टा
24 अप्रैल की रात करीब 3:30 बजे ट्रेलर की डीजल टंकी तोड़ने की आवाज सुनकर चालक जितेंद्र की नींद खुली। जब उसने बाहर निकलकर देखा, तो चार अज्ञात युवक टंकी से डीजल निकाल रहे थे। चालक द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने कट्टा उसकी कनपटी पर सटा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
सफेद स्कॉर्पियो से भागे आरोपी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बदमाशों ने बेखौफ होकर ट्रेलर से लगभग 100 लीटर डीजल निकाला, उसे ड्रम में भरा और अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में रखकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरे सहमे चालक ने तुरंत इसकी जानकारी ट्रांसपोर्टर को दी, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया। कोनी पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो वाहन की तलाश में जुट गई है।



