छत्तीसगढ़
Crime News: बिलासपुर में लॉ छात्र ने की खुदकुशी: कमरे में मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी सरकंडा पुलिस
सरकंडा थाना पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में छात्र ने अपने इस आत्मघाती कदम के लिए परिजनों से माफी मांगी है।

BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे एक 23 वर्षीय विधि (LLB) छात्र ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान अभिषेक यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सूरजपुर जिले के रहने वाले थे। उनके पिता पुलिस विभाग में उप निरीक्षक (Sub-Inspector) के पद पर पदस्थ हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ये भी पढ़ें: RAIPUR NEWS: एक ही घर में मिलीं 5 लाशें; पत्नी और तीन बच्चों को जहर देने के बाद कारोबारी ने लगाई फांसी!
कमरे से मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सरकंडा थाना पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में छात्र ने अपने इस आत्मघाती कदम के लिए परिजनों से माफी मांगी है। हालांकि, नोट में आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का उल्लेख है या नहीं, पुलिस ने अभी इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
दोस्तों ने खिड़की से झांका तो खुली पोल
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक बिलासपुर के एक निजी महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे और अशोक नगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को कॉलेज से लौटने के बाद वे अपने कमरे में गए थे, जिसके बाद वे बाहर नहीं निकले। शुक्रवार शाम तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो मकान मालिक ने उनके दोस्तों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे दोस्तों ने जब कमरे के भीतर झांककर देखा, तो अभिषेक अचेत अवस्था में पड़े मिले।
ये भी पढ़ें: BEMETRA NEWS: हैवानियत की सारी हदें पार; महिला की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, हाथ-पैर काटकर नदी में फेंका, 10 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल भेजा। शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।



