छत्तीसगढ़
Bilaspur News: अरपा अर्पण महाअभियान की नई पहल: ‘हमर मेड़ हमर पेड़’ से सुरक्षित होंगे बंदर, किसान और गौवंश
वर्ष 2026 के प्रथम दिवस पर अरपा अर्पण महाअभियान समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समिति के सभी सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति रही। बैठक में वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और जून माह में प्रस्तावित पौधारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

BILASPUR NEWS. वर्ष 2026 के प्रथम दिवस पर अरपा अर्पण महाअभियान समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समिति के सभी सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति रही। बैठक में वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और जून माह में प्रस्तावित पौधारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जानवरों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जून से “हमर मेड़ हमर पेड़” जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत किसानों से अपील की जाएगी कि वे अपने खेतों की मेड़ों पर फलदार पौधों का रोपण करें, जिससे बंदरों का सुरक्षित जीवन यापन हो सके और किसानों की फसलों की भी रक्षा सुनिश्चित हो।
समिति ने किसानों से पैरा न जलाने की अपील करने का भी निर्णय लिया। इससे गौवंश को पर्याप्त चारा उपलब्ध होगा और वे सड़कों पर नहीं आएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और मानव जीवन के साथ-साथ गौवंश भी सुरक्षित रहेगा।
बैठक में शहर के भीतर पेड़ों पर लगे पीन, कील और विज्ञापनों को हटाने के लिए जनजागरूकता फैलाने और नगर निगम से कार्रवाई की मांग करने पर सहमति बनी।
इसके अलावा अरपा मैया को स्वच्छ रखने के लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) को पूर्ण रूप से चालू करने, मूर्ति विसर्जन हेतु स्थायी कुंड निर्माण, अरपा में कचरा व फूल-माला डालने पर रोक तथा सुरक्षा के लिए पुलों पर जाली लगाने की मांग नगर निगम बिलासपुर से करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता श्याम मोहन दुबे ने की। बैठक में जय पाठक, दिग्विजय पाठक, अमित रंजन पांडेय, सीमा चतुर्वेदी, पराग यादव, अनिल यादव, आशुतोष तिवारी, आशुतोष शर्मा, संजय जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, विशाल धीवर, जयंत श्रीवास्तव, डॉ. आलोक मिश्रा, मनीष पुरी, डॉ. रवी पटेल और वर्षा ताम्रकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे ।
बैठक के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नंदनी गौशाला के संस्थापक जयंत श्रीवास्तव द्वारा अरपा अर्पण महाअभियान समिति के अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे को सम्मानित किया गया। जयंत श्रीवास्तव ने श्याम मोहन दुबे द्वारा निरंतर किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और अरपा मैया की स्वच्छता से जुड़े प्रयासों की सराहना की और उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।




