Crime News: ऋषिकेश में था पूरा परिवार… बिलासपुर में चोरों ने खाली घर पर बोला धावा, एसी उखाड़कर लाखों की चोरी
गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई से परिवार सहित ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। घर की सुरक्षा के लिए रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है।

BILASPUR NEWS. शहर के गणेश चौक स्थित एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए एसी उखाड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी, सोने के आभूषण व कीमती स्टोन चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से हुआ, जिसने रात में घर के पीछे लगी विंडो एसी को निकला हुआ देखकर तुरंत मकान मालिक को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई से परिवार सहित ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। घर की सुरक्षा के लिए रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। 23 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान गार्ड ने घर के पीछे लगी विंडो एसी को उखड़ा हुआ देखा और इसकी जानकारी फोन पर रजनीश सेठ को दी।
इसके बाद रजनीश सेठ ने अपने पुत्र और एक परिचित को घर भेजा। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर एसी हटाकर घर के भीतर घुसे और अलमारी की चाबी से लॉकर खोलकर उसमें रखी नकदी, सोने के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
वीडियो कॉल के जरिए घर का निरीक्षण करते हुए रजनीश सेठ ने बताया कि अलमारी में करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण और कुछ कीमती स्टोन रखे हुए थे। हालांकि उन्होंने बताया कि यह केवल अनुमानित जानकारी है, क्योंकि वे अभी बाहर हैं और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण नहीं कर पाए हैं।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए सामान का वास्तविक मूल्य और विस्तृत विवरण मकान मालिक के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।








