Crime News: रायगढ़ में दो ठिकानों पर पुलिस की ‘रेड’: देह व्यापार का खुलासा, 2 संचालिकाएं और 2 ग्राहक गिरफ्तार
लालटंकी के दानीपारा और मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र में मकानों के भीतर अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार की और एक जवान को प्वाइंटर बनाकर ग्राहक के रूप में भेजा। मौके से संकेत मिलते ही पुलिस टीमों ने दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

RAIGHAR NEWS. शहर में कथित देह व्यापार के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कोतवाली और जूटमिल थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो महिला संचालिकाओं और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया। दानीपारा स्थित एक मकान से दो नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया है।
पहले प्वाइंटर पहुंचा, सिग्नल मिलते ही पुलिस ने बोला धावा
पुलिस के अनुसार, लालटंकी के दानीपारा और मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र में मकानों के भीतर अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार की और एक जवान को प्वाइंटर बनाकर ग्राहक के रूप में भेजा। मौके से संकेत मिलते ही पुलिस टीमों ने दोनों ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
दानीपारा में संचालिका और ग्राहक गिरफ्तार, दो नाबालिग रेस्क्यू
कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीपारा में पुलिस ने एक मकान पर कार्रवाई कर लक्ष्मी शर्मा (46) और ग्राहक ऋषभ शर्मा (24) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 1,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।
मकान के अलग-अलग कमरों से दो नाबालिग लड़कियों को भी पुलिस ने रेस्क्यू किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने पिछले एक-दो वर्षों से मकान में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की है। नाबालिगों को काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
मिट्ठूमुड़ा में भी कार्रवाई, संचालिका और ग्राहक पकड़े गए
इसी तरह जूटमिल और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां से कथित संचालिका सुनीता मेहर (48) और ग्राहक अभय सिंह (42) को गिरफ्तार किया गया। मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उन्हें देह व्यापार के लिए बुलाया गया था।
POCSO और PITA एक्ट में कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के अनुसार, पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ठिकानों पर दबिश दी। दानीपारा मामले में कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 तथा POCSO एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मिट्ठूमुड़ा मामले में PITA एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद शहर में संचालित ऐसे अवैध ठिकानों को लेकर निगरानी और सख्त किए जाने की बात सामने आई है।







