viral video: प्रेमी का मोबाइल बंद… गुस्से में थाने के रेडियो टावर पर चढ़ी युवती, 5 घंटे तक मचा हाई-वोल्टेज ड्रामा
युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ पहले शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में शुक्रवार को उसे बयान दर्ज कराने के लिए चांदनी थाना बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान युवती अचानक थाना परिसर से बाहर निकली और वहां स्थित रेडियो टावर पर चढ़ने लगी।

SURAJPUR NEWS. प्रेमी का मोबाइल बंद मिलने और कई महीनों से संपर्क नहीं होने से नाराज करीब 20 वर्षीय युवती ने शुक्रवार को चांदनी थाना परिसर में ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवती अचानक थाना परिसर में बने रेडियो टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को थाने बुलाकर उससे शादी कराने की मांग पर अड़ गई। करीब चार से पांच घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
ये भी पढ़ें:पुष्पक एक्सप्रेस के टॉयलेट में लटकी मिली युवक की लाश, खिड़की से नजर पड़ते ही मचा हड़कंप
बयान देने पहुंची थी, अचानक टावर पर चढ़ गई
जानकारी के मुताबिक युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ पहले शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में शुक्रवार को उसे बयान दर्ज कराने के लिए चांदनी थाना बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान युवती अचानक थाना परिसर से बाहर निकली और वहां स्थित रेडियो टावर पर चढ़ने लगी। देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई पर पहुंच गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
3-4 साल से प्रेम संबंध, शादी के लिए प्रेमी को बुलाने की जिद
बताया जा रहा है कि युवती और उसके प्रेमी के बीच पिछले 3-4 वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि प्रेमी पिछले कई महीनों से उससे संपर्क नहीं कर रहा है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इसी वजह से वह प्रेमी को थाने बुलाकर शादी कराने की मांग पर अड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन, गांव के सरपंच, उपसरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाना परिसर पहुंच गए। सभी ने युवती को समझाने और नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
पुलिस ने खुद टावर पर चढ़कर बचाई जान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाइश दी। जब वह नहीं मानी तो पुलिस जवानों ने जोखिम उठाते हुए स्वयं टावर पर चढ़कर उसके पास पहुंचने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत और समझाइश के बाद पुलिसकर्मी युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे।
युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसके और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर मामले की वैधानिक जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







