News

कॉपी चेक कराने पहुंची 5वीं की छात्रा, शिक्षक पर लगा अनुचित स्पर्श का आरोप, परिजन पहुंचे कलेक्टरेट

सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक पर कक्षा 5वीं की छात्रा ने अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत सामने आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती कलेक्टरेट पहुंचकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी।

SAKTI NEWS. सक्ती जिले के चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक पर कक्षा 5वीं की छात्रा ने अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत सामने आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सक्ती कलेक्टरेट पहुंचकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कॉपी जांच के दौरान अनुचित व्यवहार का आरोप

परिजनों की शिकायत के मुताबिक, छात्रा जब अपनी कॉपी जांच कराने शिक्षक कैलाश पटेल के पास जाती है, तब शिक्षक द्वारा उसके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया जाता है। छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया। शिकायत में शिक्षक के व्यवहार को लेकर अन्य विद्यार्थियों के बीच भी नाराजगी की बात कही गई है।

पढ़ाई के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहने का आरोप

ग्रामीणों और स्कूल से जुड़े लोगों ने शिक्षक पर पढ़ाई के प्रति लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों के पढ़ाने के लिए कहने पर शिक्षक कथित तौर पर नाराज होकर उन्हें डांटते हैं। स्कूल समय में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर भी शिकायत की गई है।

रसोइया ने भी जताई नाराजगी

स्कूल की रसोइया चंद्राबाई चौहान ने भी शिक्षक के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शिक्षक बच्चों की पढ़ाई पर अपेक्षित ध्यान देने के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। बच्चों के पढ़ाई से संबंधित सवाल करने पर उन्हें फटकार मिलने की बात भी कही गई है।

डोमनपुर स्कूल में भी शिकायत का दावा

ग्रामीणों ने अधिकारियों को दी गई शिकायत में दावा किया है कि शिक्षक कैलाश पटेल पूर्व में शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके आचरण और व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आने तथा बाद में उनका स्थानांतरण किए जाने का दावा ग्रामीणों ने किया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों से अभद्रता और अनुचित व्यवहार से संबंधित शिकायत सामने आई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य और प्रमाण सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब निगाह जांच पर: छात्रा के लगाए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना महत्वपूर्ण होगा। जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही शिक्षक पर लगे आरोपों की सच्चाई और आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india