नीरतू रेत घाट में मशीनों से उत्खनन का आरोप, NGT नियमों की अनदेखी पर खनिज विभाग की चुप्पी देखिए वीडियो!
बिलासपुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला खनिज विभाग के अंतर्गत आने वाले नीरतू रेत घाट का है, जहां शासन से ठेका मिलने के बाद भी निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, घाट पर भारी मशीनों के जरिए रेत का उत्खनन किया जा रहा है, जबकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत नदी घाटों में मशीनों के उपयोग को लेकर प्रतिबंध और सख्त शर्तें निर्धारित हैं।

बिलासपुर (न्यायधानी)। बिलासपुर जिले में रेत के अवैध उत्खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला खनिज विभाग के अंतर्गत आने वाले नीरतू रेत घाट का है, जहां शासन से ठेका मिलने के बाद भी निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, घाट पर भारी मशीनों के जरिए रेत का उत्खनन किया जा रहा है, जबकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत नदी घाटों में मशीनों के उपयोग को लेकर प्रतिबंध और सख्त शर्तें निर्धारित हैं।
पोकलेन और जेसीबी से निकाली जा रही रेत
आरोप है कि नीरतू रेत घाट पर पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल कर नदी से रेत निकाली जा रही है। इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। रेत उत्खनन के लिए निर्धारित नियमों और स्वीकृत शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं, यह जांच का विषय है।
खनिज विभाग की भूमिका पर उठ रहे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर मशीनों से उत्खनन की गतिविधियां जारी हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है? स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि खनिज विभाग नीरतू रेत घाट पर हो रहे कथित मशीन आधारित उत्खनन की जांच कब करता है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है।








