News

आस्था और उल्लास के साथ मनेगा छठ महापर्व, अरपा तट पर तैयारियां तेज; कलेक्टर-एसएसपी ने किया घाट का निरीक्षण

लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ इस वर्ष बिलासपुर में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले छठ पर्व को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

बिलासपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ इस वर्ष बिलासपुर में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले छठ पर्व को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

इसी कड़ी में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा। साथ ही नदी के गहरे हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए संकेतक और सुरक्षा अवरोध लगाने के निर्देश दिए। घाट पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था रखने पर भी जोर दिया।

वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। घाट तक पहुंचने वाले मार्गों, प्रवेश और निकास स्थलों पर निगरानी रखी जाएगी। यातायात और पार्किंग की ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियां की जा रही हैं। समिति के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन के लिए मौजूद रहेंगे। उन्होंने लोगों से घाट की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

निरीक्षण के दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित प्रशासन, पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india