Bilaspur News: विधायक सुशांत शुक्ला का दीपावली स्नेह मिलन समारोह, बेलतरा में दिखी सामाजिक एकजुटता
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के दीपावली स्नेह मिलन समारोह में विभिन्न समाजों, संगठनों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की सहभागिता रही। राजा पाण्डेय ने आयोजन की सराहना की।

Bilaspur News: दीपावली के अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। आत्मीयता और उत्साह से भरे इस आयोजन ने दीपावली की खुशियों को साझा करने के साथ सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। संगीतमय प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने शाम को उत्सवमय बना दिया। विधायक सुशांत शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों के साथ स्नेहभोज में सहभागिता की और आत्मीय संवाद करते हुए सभी का कुशलक्षेम जाना। आयोजन में विभिन्न समाजों और संगठनों के लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
राजा पाण्डेय ने विधायक की पहल और आयोजनों की सराहना की
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने विधायक सुशांत शुक्ला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके विधायक बनने के बाद बेलतरा विधानसभा में सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिल रही है। तीजा तिहार में मातृशक्ति के सम्मान, बेलतरा महोत्सव के जरिए स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने और दीपावली स्नेह मिलन जैसे आयोजनों से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि बेलतरा में पहले इस तरह के आयोजन देखने को कम मिलते थे, लेकिन अब विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं को एक मंच पर मिलने तथा आपसी संवाद और संबंध मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। इन आयोजनों को लेकर कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह है। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव, समरसता और संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला ने जताया आभार
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आत्मीयता का उत्सव है। बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके लिए अपने परिवार के समान है। समारोह में वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह, युवाओं की ऊर्जा और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति उनके लिए बेहद आनंद और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लोगों का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम हैं। उनका प्रयास है कि बेलतरा विधानसभा में सामाजिक समरसता, भाईचारे और पारिवारिक अपनत्व की परंपरा निरंतर मजबूत होती रहे। वर्षों से मिल रहे लोगों के स्नेह और सहयोग के लिए उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाज के गणमान्यजन, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठजन, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। दीपावली स्नेह मिलन समारोह ने आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक एकजुटता की भावना को मजबूत करते हुए सभी के लिए यादगार शाम बनाई।








