बेलतरा की सभी 64 पंचायतों में बनेंगे महतारी सदन, विधायक सुशांत शुक्ला की पहल से तीन और गांवों को मिले ₹90 लाख
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अपना मंच उपलब्ध कराने विधायक सुशांत शुक्ला ने बड़ी पहल की है।
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए अपना मंच उपलब्ध कराने विधायक सुशांत शुक्ला ने बड़ी पहल की है। उनके प्रयासों से ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी और गड़वट में महतारी सदन निर्माण के लिए राज्य शासन ने कुल 90 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। तीनों पंचायतों में 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन बनाए जाएंगे।
विधायक सुशांत शुक्ला का लक्ष्य बेलतरा विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन का निर्माण कराना है। इसके जरिए ग्रामीण महिलाओं को बैठक, कौशल प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
अब तक 33 पंचायतों में आगे बढ़ा काम
महतारी सदन निर्माण अभियान के तहत अब तक पांच ग्राम पंचायतों सेमरताल, लगरा, लखराम, गोंदईया और नेवसा में 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदनों का निर्माण पूरा हो चुका है।
वहीं, 15 ग्राम पंचायतों मोहतराई, मदनपुर, रानीगांव, नवागांव, खैरखुंडी, बेलतरा, रमदेई, करमा, कडरी, मंजुरपहरी, सेलर, डंगनिया, पौसरा, परसौड़ी और भरवीडीह में 15.50 लाख रुपये की लागत से मिनी महतारी सदन बनकर तैयार हो चुके हैं।
इसके अलावा अकलतरी, बाम्हू, बांका, बसहा, भाड़ी, भरारी, भिल्मी, बिटकुली (उ), चोरहदेवरी और धौरामुड़ा में 15.90 लाख रुपये प्रति भवन की लागत से मिनी महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं। इनका टेंडर जारी है।
इस तरह पांच पूर्ण महतारी सदन, 15 पूर्ण मिनी महतारी सदन, 10 स्वीकृत मिनी महतारी सदन और तीन नई स्वीकृतियों को मिलाकर कुल 33 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य पूरा, स्वीकृत अथवा प्रक्रियाधीन है। शेष 31 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे गए हैं।
सरपंचों ने जताया आभार
तीन पंचायतों में महतारी सदन की स्वीकृति मिलने पर मटियारी के सरपंच सतीश केशर, गड़वट के सरपंच चंद्रशेखर बैसवाड़े और सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास : सुशांत शुक्ला
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। माताओं, बहनों और बेटियों को सम्मान, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इन भवनों को महिलाओं के लिए संवाद, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों और नेतृत्व विकास का केंद्र बनाया जाएगा। उनका प्रयास है कि प्रत्येक गांव की महिलाएं सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
बेलतरा विधानसभा में महतारी सदन निर्माण की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को एक स्थायी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब नजर शेष 31 पंचायतों में प्रस्तावों की स्वीकृति पर है, ताकि सभी 64 ग्राम पंचायतों में यह संकल्प पूरा हो सके।







