छठ और सिंदूर पर कथित टिप्पणी से बिलासपुर में आक्रोश, कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। छठ महापर्व, पवित्र सिंदूर और महिलाओं को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बिलासपुर में सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज और छठ पूजा समिति सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति से जुड़ा है। ऐसे में पर्व की परंपराओं, महिलाओं और पवित्र सिंदूर को लेकर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं और मातृशक्ति का सम्मान आहत हुआ है। संगठनों ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था और सामाजिक मर्यादा का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।
छठ पूजा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व या महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं समिति सदस्य रौशन सिंह ने कहा कि केवल वीडियो हटाने या माफी मांगने से मामला समाप्त नहीं होता। पुलिस निष्पक्ष जांच कर आरोप प्रमाणित होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करे।
गौरतलब है कि यश माहेश्वरी के स्टैंडअप शो का वीडियो 21 नवंबर को यूट्यूब पर अपलोड हुआ था, जिसके कुछ अंश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा। विरोध के बाद कॉमेडियन ने सार्वजनिक माफी भी मांगी। इस मामले में पटना और दिल्ली में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

बिलासपुर में हुए प्रदर्शन में अभय नारायण राय, सुधीर झा, विजय ओझा, राम प्रताप सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, कुमुद रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, राजीव गिरी, राजीव कुमार, सीएम सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद सहित छठ पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।