छत्तीसगढ़

Balod News: 40 फीट ऊंचे रेलवे अंडरब्रिज से गिरे पिकनिक जा रहे बाइक सवार, दोनों के पैर टूटे — लोको पायलट बोला: मुझे लगा कोई आत्महत्या कर रहा है

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिकनिक मनाने जा रहे दो युवक लगभग 40 फीट ऊंचे रेलवे अंडरब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैरों में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है।

BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिकनिक मनाने जा रहे दो युवक लगभग 40 फीट ऊंचे रेलवे अंडरब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैरों में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई पावर हाउस क्षेत्र के चार युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर दल्ली राजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे, ग्राम कुसुमकसा के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज में तेज रफ्तार के दौरान एक बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर सवार दो युवक सीधे रेलवे ट्रैक की ओर जा गिरे।
हादसे के बाद एक युवक सीधे रेलवे पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा युवक पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा।
इसी दौरान पटरी पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट योगेश देशमुख ने दूर से ट्रैक पर कुछ गिरा हुआ देखा। उन्होंने बताया—
“मुझे पहले लगा कि कोई जानवर पटरी पर बैठा है, लेकिन ट्रेन पास पहुंची तो ऐसा प्रतीत हुआ कि कोई व्यक्ति आत्महत्या करने के लिए ट्रैक पर आ गया है।”
इसी आशंका के चलते लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन रोकने के बाद जब वे नीचे उतरे तो उन्होंने देखा कि रेलवे ट्रैक के पास एक बाइक गिरी हुई है और पास ही एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। उसी समय दूसरी ओर से मदद की आवाज आई, जहां एक युवक नाली में पानी के अंदर गिरा हुआ था।
लोको पायलट ने तुरंत 112 पर कॉल कर एंबुलेंस को सूचना दी और रेलवे के अन्य कर्मचारियों को भी घटना की जानकारी दी। एंबुलेंस पहुंचने से पहले काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ऊपर निकाला गया और इलाज के लिए बालोद जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने थाने में सुरक्षित रख लिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india