रेलवे भर्ती में रिश्वतखोरी: 5 लाख की घूस लेते छत्तीसगढ़ के दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीबीआई की गिरफ्त में
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की टीम ने छत्तीसगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

RAIPUR NEWS.सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की टीम ने छत्तीसगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इंटरनेशनल बॉडी बिल्डिंग रेफरी व भिलाई में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (तकनीशियन-2) बी. राजशेखर राव और सीसी-टीसी राजलक्ष्मी शामिल हैं। दोनों आरोपियों की नियुक्ति रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे से हुई थी और दोनों ही वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ी रहे हैं।
यह पूरी कार्रवाई शनिवार (16 मई) को एक अभ्यर्थी की शिकायत के बाद जाल बिछाकर की गई। सीबीआई ने एक आरोपी को रायपुर के वीआईपी रोड से और दूसरे को दुर्ग से हिरासत में लिया है।
मेडिकल टेस्ट में पास कराने का दिया झांसा
जानकारी के मुताबिक, रायपुर रेल मंडल में स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्ती निकाली गई थी। इसमें शामिल हुए एक अभ्यर्थी ने लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट पास कर लिया था, जिसके बाद केवल उसका मेडिकल परीक्षण होना शेष था। इसी दौरान आरोपी बी. राजशेखर राव और राजलक्ष्मी ने अभ्यर्थी से संपर्क साधा। आरोपियों ने अभ्यर्थी को धमकी दी कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो उसे मेडिकल में अनफिट कर फेल कर दिया जाएगा। वहीं, ₹5 लाख देने पर अनफिट सर्टिफिकेट को भी ‘फिट’ कराने का झांसा दिया गया।
सीबीआई ने बिछाया जाल, डमी नोटों से पकड़ाए आरोपी
अभ्यर्थी की शिकायत पर सीबीआई ने तुरंत एक्शन लिया। अधिकारियों ने जाल बिछाते हुए ₹4 लाख 60 हजार के डमी नोटों की गड्डियां तैयार कीं। शनिवार को जैसे ही आरोपी राजलक्ष्मी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर के पास अभ्यर्थी से ₹5 लाख की रकम लेने पहुंची, पहले से तैनात सीबीआई की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। वहीं, दूसरे आरोपी बी. राजशेखर राव को दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया गया।
- घर की तलाशी में लाखों का कैश बरामद, कोर्ट में पेशी
कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर सघन तलाशी ली। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के घरों की जांच में लाखों रुपये कैश मिलने की जानकारी सामने आई है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इस रकम का खुलासा अभी नहीं किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विशेष न्यायाधीश दीक्षा देशलहरा की अदालत में पेश किया गया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से रेलवे महकमे और खेल जगत में हड़कंप मचा हुआ है।








