छत्तीसगढ़
Crime News: रतनपुर में खूनी संघर्ष: नशे में गाली-गलौज के बाद युवक का सिर ईंट से कुचला, मौके पर मौत
शनिवार रात ग्राम अकलतरी के एक मोहल्ले में कुछ लोग अत्यधिक नशे की हालत में थे। इस दौरान पक्षों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते आपसी कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे।

BILASPUR NEWS. न्यायधानी के रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात नशे की हालत में हुआ मामूली विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने घर की छत पर चढ़कर एक 30 वर्षीय युवक के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। गंभीर चोटें आने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। रतनपुर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों के भीतर यह लगातार तीसरी हत्या है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
ये भी पढ़ें: Crime News: बिलासपुर में लॉ छात्र ने की खुदकुशी: कमरे में मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी सरकंडा पुलिस
नशे की हालत में शुरू हुई थी गाली-गलौज
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात ग्राम अकलतरी के एक मोहल्ले में कुछ लोग अत्यधिक नशे की हालत में थे। इस दौरान पक्षों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते आपसी कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे।
छत पर चढ़कर किया ईंट से हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावर उग्र होकर मृतक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30 वर्ष) के घर तक पहुंच गए। हमलावर जबरन उसके घर की छत पर चढ़ गए और वहां दीवार से ईंटें निकाल-निकालकर इंद्रप्रकाश के सिर पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि ईंट से सिर कुचल जाने के कारण इंद्रप्रकाश की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
रात एक बजे पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे पुलिस टीम के साथ रात करीब 1:00 बजे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Crime News: धरमजयगढ़ में डबल मर्डर का खुलासा: जमीन विवाद में रिटायर्ड SECL कर्मी और पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार
एफएसएल (FSL) टीम बुलाई गई, जांच जारी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए बिलासपुर से फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया है। एफएसएल टीम की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश कर रही है।



