छत्तीसगढ़

प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पहुंचे एसएसपी रजनेश सिंह, पुलिसिंग, साइबर सुरक्षा और युवाओं की भूमिका पर रखे विचार

बिलासपुर प्रेस क्लब के 'हमर पहुना' कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस की उपलब्धियों, साइबर अपराध से निपटने की रणनीति, नशा विरोधी अभियान, स्मार्ट पुलिसिंग और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

Bilaspur News: बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर एसएसपी ने पत्रकारों से संवाद करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिस की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को आजीवन कारावास दिलाने में सफलता प्राप्त की है। वहीं अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों की करीब 9.5 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई भी पुलिस की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।

एसएसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं, क्योंकि अधिकांश अपराधों की जड़ नशा ही होता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। इससे निपटने के लिए बिलासपुर पुलिस लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में थाना स्तर पर “हमर संगवारी” समूह बनाकर नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है।

अपने जीवन और पुलिस सेवा के अनुभव साझा करते हुए रजनेश सिंह ने बताया कि बचपन से ही पुलिस अधिकारियों को करीब से देखने का अवसर मिला, जिससे इस सेवा के प्रति आकर्षण पैदा हुआ। ग्वालियर और सिंगरौली में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने रायपुर में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और लोक सेवा आयोग के माध्यम से पुलिस सेवा में प्रवेश किया। नक्सल प्रभावित इलाकों सहित कई जिलों में सेवाएं देने के बाद उन्हें वर्तमान में बिलासपुर की जिम्मेदारी मिली है।

उन्होंने दुर्ग जिले में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती मामलों के सफल खुलासे का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार विशेष रणनीति, तकनीकी संसाधनों और मजबूत सूचना तंत्र के सहयोग से इन मामलों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया।

स्मार्ट पुलिसिंग पर अपने विचार रखते हुए एसएसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए मजबूत सूचना तंत्र, जनता का विश्वास और पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पुलिस परिवारों के कल्याण के लिए अस्पताल और कैंटीन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने समाज और विशेष रूप से युवाओं से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा अपराध संबंधी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और इच्छाशक्ति का उपयोग समाजहित, न्याय और सुरक्षित वातावरण के निर्माण में होना चाहिए।

समापन अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने एसएसपी रजनेश सिंह को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। :::

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india