Crime News: शराब पार्टी बनी मौत की वजह! बिलासपुर में किन्नर की गला घोंटकर हत्या, धान के खेत में मिली लाश
सोमवार रात तनु खान अपने कुछ परिचितों के साथ सकरी क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के पास पार्टी करने गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

BILASPUR NEWS. बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में एक किन्नर की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जोंकी गांव के पास पानी से भरे धान के खेत में फेंक दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। मृतका की पहचान मोपका के चिल्हाटी निवासी तनु खान के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार रात तनु खान अपने कुछ परिचितों के साथ सकरी क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के पास पार्टी करने गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान तनु खान की बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को जोंकी गांव के पास धान के खेत में फेंककर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह खेत में शव देख ग्रामीणों ने सकरी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश की भी जांच
पुलिस आपसी विवाद के साथ-साथ किन्नर समुदाय के गुटों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व और पुरानी रंजिश के पहलू की भी जांच कर रही है। सीएसपी पंकज पटेल के अनुसार, घटना के समय चार लोग साथ में पार्टी कर रहे थे। विवाद के बाद हत्या की वारदात हुई है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







