News

प्यार बना मौत का जाल: शादी के दबाव से तंग नाबालिग प्रेमी ने प्रेमिका का सिर पत्थर से कुचल डाला जानिए पूरा मामला

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव में प्रेम संबंध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादी के लिए लगातार दबाव बना रही 18 वर्षीय युवती की उसके 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी।

MAHASMUND NEWS. महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के झारा गांव में प्रेम संबंध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शादी के लिए लगातार दबाव बना रही 18 वर्षीय युवती की उसके 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवती को जन्मदिन पर मिलने बुलाया, फिर ‘स्पेशल गिफ्ट’ देने का झांसा देकर उसकी आंखें बंद कराईं और भारी पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को नाले की रेत में दफनाकर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

 

पुलिस के अनुसार, मृतका भारती टंडन (18) और आरोपी नाबालिग एक ही स्कूल में पढ़ते थे तथा दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी से छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची।

 

जन्मदिन की रात बुलाया, फिर कर दी हत्या

 

19 जून को भारती का जन्मदिन था। आरोपी ने फोन कर उसे शादी का भरोसा देते हुए रात में मिलने बुलाया। भारती घर से कुछ कपड़े और जरूरी सामान लेकर तड़के करीब तीन बजे बिना किसी को बताए निकल गई। दोनों की मुलाकात गांव के पास एक नाले के किनारे हुई, जहां कुछ देर साथ रहने के बाद आरोपी ने कहा कि वह जन्मदिन का “स्पेशल गिफ्ट” देना चाहता है और भारती से आंखें बंद करने को कहा। जैसे ही उसने आंखें बंद कीं, आरोपी ने पीछे से भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

शव रेत में दबाया, बदबू से खुला राज

 

हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया। इधर, युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

 

22 जून को ग्रामीणों ने नाले की रेत में दबा शव देखा, जिसका कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दे रहा था और आसपास तेज बदबू फैल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई।

 

कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस

 

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से हत्या की थी। वारदात के बाद उसने मृतका के कपड़े, चप्पल और बैग पुल के नीचे तथा आसपास छिपा दिए थे। हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी पानी से धोकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india