छत्तीसगढ़

अवैध संबंध में बाधक बन रहे मासूम की तकिए से मुंह दबाकर हत्या, 7 महीने बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। ट्रक ड्राइवर जयदीप सिंह ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे 4 वर्षीय मासूम मयंक मिश्रा की उसकी मां के सामने तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी।

RAIPUR NEWS.राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी प्रेमी ने अपने प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे एक 4 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सामने ही उसके मासूम बेटे का तकिए से मुंह और नाक दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिछले 7 महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसे आमानाका पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

अफेयर में रोड़ा बनने पर रची साजिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टाटीबंध निवासी आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष) जो कि पेशे से ट्रक ड्राइवर है, का बच्चे की मां से अवैध संबंध था। महिला अपने पति से अलग रहती थी, जिसके कारण आरोपी का उसके घर अक्सर आना-जाना था। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी जयदीप महिला के 4 वर्षीय बेटे मयंक मिश्रा को अपने प्रेम संबंधों के बीच रुकावट मानता था। इसी वजह से उसने मासूम को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

मां के सामने ही तड़प-तड़प कर मर गया मासूम

घटना के वक्त मासूम की मां भी मौके पर ही मौजूद थी। किसी बात पर गुस्सा होकर आरोपी ट्रक ड्राइवर जयदीप सिंह ने मां के सामने ही 4 वर्षीय मयंक का तकिए से सांस रोक दिया। बच्चा मां के सामने ही तड़पता रहा और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

यह घटना बीते वर्ष 1 नवंबर 2025 की है, जब पुलिस को मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इसके बाद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, तो डॉक्टरों ने बच्चे की मौत की वजह गला दबाने (दम घुटने) से होने की पुष्टि की। इसके बाद आमानाका पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।

7 महीने तक राज्यों में ट्रक लेकर घूमता रहा आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी जयदीप सिंह लगातार फरार था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने ट्रक को लेकर लगातार कई राज्यों में घूम रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई थी, जो लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी।

तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

आखिरकार 10 जून 2026 को पुलिस ने पुख्ता तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपी जयदीप सिंह को धर दबोचा। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने मासूम मयंक की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india