पुणे में महिला वकील से चलती कार में बदसलूकी, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुणे के कोरेगांव पार्क में महिला वकील के साथ चलती कार में कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।

Crime news: महाराष्ट्र के पुणे शहर से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोरेगांव पार्क इलाके में एक महिला वकील के साथ चलती कार में कथित यौन उत्पीड़न और अश्लील हरकतों का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता बिहार के पटना की रहने वाली है और मुंबई हाई कोर्ट में वकालत करती है। वह निजी काम से पुणे आई हुई थी और कोरेगांव पार्क स्थित एक फाइव स्टार होटल में रुकी थी। बताया जा रहा है कि होटल में पार्टी के दौरान उसकी मुलाकात कुछ युवकों से हुई, जिसके बाद सभी दूसरे पब में जाने के लिए निकले।
आरोप है कि रास्ते में चलती कार के अंदर महिला के साथ बदसलूकी की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपने दोस्तों को फोन पर जोड़कर महिला को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां भी कीं। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने जिन तीन लोगों को हिरासत में लिया है, उनकी पहचान अभिषेक मुक्टे, धनंजय सॉर्टे और आदेश शिंदे के रूप में हुई है। वहीं चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और देर रात पार्टी कल्चर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।








