News

पिकअप हटाने को कहा तो बरसने लगीं लोहे की रॉड और हॉकी स्टिक, दो भाइयों पर जानलेवा हमला, एक वेंटिलेटर पर

डबरापारा इलाके में सड़क पर खड़ी पिकअप हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिकअप हटाने को कहने पर वाहन मालिक और उसके साथियों ने एक ही परिवार के लोगों पर लोहे की जैक रॉड, हॉकी स्टिक, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया।

BHILAI NEWS.भिलाई-3 के डबरापारा इलाके में सड़क पर खड़ी पिकअप हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिकअप हटाने को कहने पर वाहन मालिक और उसके साथियों ने एक ही परिवार के लोगों पर लोहे की जैक रॉड, हॉकी स्टिक, पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। मामले में पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किए हैं।

रास्ता रोककर खड़ी थी पिकअप, हटाने की बात पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे पूजा साहू अपने पति नीलेश साहू, जेठ तेजराम साहू, जेठानी शैलजा साहू और बच्चों के साथ हाउसिंग बोर्ड से डबरापारा स्थित घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे रास्ते में एक पिकअप वाहन खड़ा होने के कारण उनकी कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसके बाद पिकअप मालिक सोहन वर्मा को फोन कर वाहन हटाने के लिए कहा गया। आरोप है कि वाहन हटाने के बजाय इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

समझाने पहुंचे दोनों भाइयों पर टूट पड़े आरोपी

विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर नीलेश और उनके भाई तेजराम मौके पर पहुंचे और पिकअप हटाने तथा विवाद खत्म करने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान सोहन वर्मा, उसका भाई मोहन वर्मा, राजा राजपूत और अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद पिकअप से लोहे की जैक रॉड निकालकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया गया। सिर और पैरों पर गंभीर चोटें आने से दोनों लहूलुहान हो गए।

बीच-बचाव करने आई जेठानी से भी मारपीट

मारपीट होती देखकर शैलजा साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को उपचार के लिए शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।

एक वेंटिलेटर पर, दूसरा ICU में

अस्पताल में डॉक्टरों ने नीलेश साहू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा है, जबकि तेजराम साहू को आईसीयू में भर्ती किया गया है। बताया गया है कि हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और काफी खून बह गया था।

चार आरोपी गिरफ्तार, जैक रॉड और हॉकी स्टिक जब्त

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोहन वर्मा (31), मोहन वर्मा (43), रामगोपाल वर्मा (72) और राजा राजपूत (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे की जैक रॉड और हॉकी स्टिक भी जब्त की है। मामले में अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की जांच जारी है।

CSP बोले—पिकअप हटाने को लेकर हुआ था विवाद

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, रास्ते में खड़ी पिकअप हटाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india