Crime News: कर्ज ने बनाया मंदिर चोर! एक ही रात 3 मंदिरों में सेंध लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 100 CCTV फुटेज से खुला राज
1 अगस्त की दरमियानी रात आरोपियों ने बम्हनीडीह स्थित रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव स्थित चंडी दाई मंदिर तथा जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रामजानकी और बद्री विशाल मंदिर से चांदी के छत्र, जबकि चंडी दाई मंदिर से देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी चोरी कर ली गई थी।

JANJGIR NEWS. जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में एक ही रात हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और कर्ज चुकाने के लिए मंदिरों को निशाना बनाया था।
ये भी पढ़ें:बिलासपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 13 निरीक्षकों के तबादले
एक ही रात तीन मंदिरों में की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त की दरमियानी रात आरोपियों ने बम्हनीडीह स्थित रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव स्थित चंडी दाई मंदिर तथा जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रामजानकी और बद्री विशाल मंदिर से चांदी के छत्र, जबकि चंडी दाई मंदिर से देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी चोरी कर ली गई थी। तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
100 CCTV कैमरों की फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक पर चार युवक आते-जाते दिखाई दिए। इसके बाद साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर दबिश दी गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
घर के पीछे गड्ढे में छिपाया था चोरी का माल
मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल की निशानदेही पर उसके घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर, चांदी के छत्र, इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
- प्रभात पटेल (18 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
- परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़








