Crime News: शराब पिलाकर हैवानियत, फिर स्कूल मैदान में दरिंदगी: 23 वर्षीय महिला से गैंगरेप, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
शनिवार देर रात पीड़िता सरोना स्थित शराब भट्टी के पास थी। इसी दौरान पीयूष नायक, शिवा बघेल और उनका नाबालिग साथी वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। आरोप है कि महिला के नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

RAIPUR NEWS. राजधानी में 23 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले महिला को शराब पिलाई और सरोना शराब भट्टी के पास उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद खाना खिलाने का झांसा देकर बाइक से आजाद चौक क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए, जहां आरोपियों ने दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले शराब पिलाई, फिर सुनसान जगह ले गए
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात पीड़िता सरोना स्थित शराब भट्टी के पास थी। इसी दौरान पीयूष नायक, शिवा बघेल और उनका नाबालिग साथी वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद शराब पी और महिला को भी शराब पिलाई। आरोप है कि महिला के नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला को खाना खिलाने की बात कही और बाइक पर बैठाकर आजाद चौक स्थित सरकारी स्कूल के मैदान में ले गए। वहां भी आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
सुबह मैदान में अचेत मिली महिला
रविवार सुबह स्कूल परिसर के चौकीदार की नजर मैदान में पड़ी महिला पर गई। महिला अचेत हालत में थी। चौकीदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। आजाद चौक पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार तथा चिकित्सकीय जांच के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया।
काम की तलाश में रायपुर पहुंची थी
जांच में सामने आया कि महिला मूलतः बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली है। करीब तीन साल पहले उसने घर से भागकर महासमुंद जिले के बागबाहरा निवासी युवक से शादी की थी। बाद में पति उसे काम की तलाश में ओडिशा के कटक ले गया और वहां छोड़कर फरार हो गया।
पति के छोड़ने के बाद महिला करीब दो महीने पहले काम की तलाश में रायपुर पहुंची थी। वह छेरीखेड़ी स्थित एक मैरिज हॉल में मजदूरी कर रही थी। काम बंद होने के बाद उसे वहां से निकाल दिया गया। इसके बाद वह नए रोजगार की तलाश में भटक रही थी।
आजाद चौक में जीरो एफआईआर, डीडी नगर पुलिस ने पकड़ा
पीड़िता के बयान के आधार पर आजाद चौक थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की होने के कारण केस डायरी डीडी नगर पुलिस को सौंप दी गई। इसके बाद पुलिस ने पीयूष नायक, शिवा बघेल और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








