वार्ड क्रमांक 43.पार्षद सूर्यकिशोर राज लगातार कर रहे प्रयास, विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव आगे बढ़े; अब प्रशासन से काम शुरू होने का इंतजार
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 43 बंशीलाल धृतलहरे नगर के चहुंमुखी विकास को लेकर पार्षद सूर्यकिशोर राज लगातार प्रयास कर रहे हैं। वार्ड के अलग-अलग मोहल्लों में सड़क, नाली, पेयजल, स्कूल, सामुदायिक भवन, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों को प्राथमिकता में रखा गया है। इन कार्यों के प्रस्ताव संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाए गए हैं।

बिलासपुर :-दोमुहानी गांव के वार्डवासी मंगलवार को वार्ड में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। रहवासियों का कहना है कि सड़क, नाली, पेयजल समेत कई जरूरी सुविधाओं के लिए वार्ड लंबे समय से इंतजार कर रहा है। वहीं, मामले में वार्ड पार्षद सूर्यकिशोर राज का कहना है कि वार्ड के चहुंमुखी विकास के लिए कई कार्यों के प्रस्ताव आगे बढ़ाए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने और काम शुरू होने का इंतजार है।
बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 43 बंशीलाल धृतलहरे नगर के चहुंमुखी विकास को लेकर पार्षद सूर्यकिशोर राज लगातार प्रयास कर रहे हैं। वार्ड के अलग-अलग मोहल्लों में सड़क, नाली, पेयजल, स्कूल, सामुदायिक भवन, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों को प्राथमिकता में रखा गया है। इन कार्यों के प्रस्ताव संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाए गए हैं। हालांकि, अभी इन कार्यों का जमीनी स्तर पर शुरू होना बाकी है।
पार्षद सूर्यकिशोर राज का कहना है कि वार्ड के हर हिस्से तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जरूरत के अनुसार कार्यों की सूची तैयार की गई है। उनका प्रयास है कि प्रस्तावित कार्यों को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर धरातल पर उतारा जाए।
कई मोहल्लों में सड़क-नाली का प्रस्ताव

आवसपारा निषाद मोहल्ला, ढिपरापारा निषाद मोहल्ला, पूर्व सरपंच गली से अरपा पुल, उमेश धीरज के घर से भानु के घर तक तथा कलम बाई के घर से मजनु के घर तक सीसी रोड और नाली निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। आवसपारा निषाद भवन से मिडिल स्कूल मेन रोड तक भी सड़क और नाली निर्माण प्रस्तावित है।
पानी की समस्या दूर करने की कवायद
दोमुहानी आवसपारा में करीब 300 मीटर पाइपलाइन विस्तार, बोर खनन और हैंडपंप स्थापना का प्रस्ताव है। पानी टंकी के पास नाली निर्माण के साथ दोमुहानी ढिपरापारा महामाई क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और नदी किनारे पचरी निर्माण भी प्रस्तावित है।
सामुदायिक भवन से मंदिर जीर्णोद्धार तक
महामाई मंदिर चौक केवट बस्ती में सामुदायिक भवन निर्माण, साहिल खान के घर से कचरा संग्रहण केंद्र तक सुरक्षा दीवार तथा परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी विकास कार्यों में शामिल है।
स्कूलों में भी बढ़ेंगी सुविधाएं
दोमुहानी की प्राथमिक और माध्यमिक शाला में शेड, नाली, शौचालय और बाउंड्रीवाल निर्माण के प्रस्ताव लोक शिक्षण विभाग को भेजे गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
मुख्य मार्गों के सुदृढ़ीकरण की भी पहल
देवरीखुर्द से बुटापारा तथा लालखदान से दोमुहानी तक प्रधानमंत्री मुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण को भी पत्र भेजा गया है।
अब प्रशासन से कार्य शुरू होने का इंतजार
वार्ड में विकास कार्यों को लेकर पार्षद की ओर से प्रस्ताव और पहल जारी है, लेकिन ज्यादातर कार्य अभी प्रस्तावित अथवा प्रक्रिया में हैं और प्रशासन की ओर से इनका जमीनी काम शुरू होना बाकी है। पार्षद सूर्यकिशोर राज ने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के सभी क्षेत्रों का संतुलित और चहुंमुखी विकास कराना है। इसके लिए वे लगातार संबंधित विभागों और अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही विकास कार्य धरातल पर नजर आएंगे।








