छत्तीसगढ़

एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान में खूनी वर्चस्व की जंग

गेवरा में कोयला लिफ्टिंग को लेकर दो कंपनियों के गुर्गे भिड़े, सुरक्षा बलों के सामने बेरहमी से पिटा कर्मचारी, VIDEO वायरल

KORBA NEWS.एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शुमार SECL की गेवरा परियोजना एक बार फिर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती नजर आ रही है। बीती रात कोयला लिफ्टिंग को लेकर दो निजी कंपनियों के कारिंदों के बीच जमकर मारपीट हो गई। हैरानी की बात यह रही कि यह पूरी घटना खदान में तैनात सुरक्षा बलों की मौजूदगी में घटित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लिफ्टिंग को लेकर पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और घूंसे-लातों की हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि के.के. एंटरप्राइजेज से जुड़े कथित बाउंसरों ने केसीपीएल कंपनी के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में केसीपीएल के एक कर्मचारी को बेरहमी से पीटा गया, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी का उपचार जारी है।

इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने न सिर्फ खदान प्रबंधन बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान परिसर के भीतर खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद अन्य कामगारों में दहशत का माहौल है।

सूत्रों का कहना है कि गेवरा खदान में लंबे समय से कोयला लिफ्टिंग को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। स्थानीय जानकारों के मुताबिक, यह घटना पाली क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए खूनी टकराव की याद दिलाती है, जहां ट्रांसपोर्ट वर्चस्व की लड़ाई में एक व्यक्ति की जान चली गई थी।

गेवरा की इस ताजा घटना ने पुलिस प्रशासन के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। यदि समय रहते कोल माफियाओं और उनके नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो दीपका-गेवरा क्षेत्र में बड़ी हिंसक वारदात या गैंगवार से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india