Accident News: दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने वन विभाग के चौकीदार को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा
ग्राम परसोदा निवासी श्याम सिंह मसीयारे (53), जो कि वन विभाग की नर्सरी में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, डौंडी क्षेत्र के एक प्रसिद्ध वैद्य भी थे। गुरुवार (5 मार्च) को वह जड़ी-बूटी लेने डौंडी गए हुए थे। वापस लौटते समय जैसे ही उन्होंने मुख्य मार्ग पकड़ा, दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे ट्रक (CG04 LM 3499) ने उन्हें चपेट में ले लिया।

BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार 14 चक्का ट्रक ने मोपेड सवार वन विभाग के चौकीदार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मृतक का शव सड़क पर क्षत-विक्षत हो गया। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जड़ी-बूटी लेकर लौट रहे थे प्रसिद्ध वैद्य
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसोदा निवासी श्याम सिंह मसीयारे (53), जो कि वन विभाग की नर्सरी में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, डौंडी क्षेत्र के एक प्रसिद्ध वैद्य भी थे। गुरुवार (5 मार्च) को वह जड़ी-बूटी लेने डौंडी गए हुए थे। वापस लौटते समय जैसे ही उन्होंने मुख्य मार्ग पकड़ा, दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे ट्रक (CG04 LM 3499) ने उन्हें चपेट में ले लिया।
50 मीटर तक घसीटा, मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि मोपेड ट्रक के अगले पहियों में फंस गई। ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 50 मीटर तक घसीटा, जिससे राम मंदिर के पास मोपेड सवार के शरीर के चिथड़े उड़ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में वार्डवासियों और व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए माइंस की गाड़ियों को रोक दिया, हालांकि सामान्य यातायात बहाल रखा गया।
प्रशासन ने दी समझाइश
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम और एसडीएम करीब 10:40 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







