पुश्तैनी जमीन पर बाउंड्रीवाल बना विवाद का कारण, झूठी शिकायतों से परेशान परिवार ने मांगी प्रशासन से सुरक्षा
शहर के सरकंडा क्षेत्र में पुश्तैनी निजी भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों और विरोध से परेशान एक परिवार ने प्रेसवार्ता कर शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

BILASPUR NEWS. शहर के सरकंडा क्षेत्र में पुश्तैनी निजी भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों और विरोध से परेशान एक परिवार ने प्रेसवार्ता कर शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय सोमावार और किशोर सोमावार अपने परिजनों के साथ उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि कपिल नगर क्षेत्र, मुक्तिधाम के पीछे स्थित उनकी लगभग 60 डिसमिल पुश्तैनी जमीन वर्ष 1962 से राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसमें वर्तमान में 8 खातेदार हैं।
परिवार का आरोप है कि समीप स्थित कोटवारी भूमि पर कब्जा किए हुए मन्नू मानिकपुरी द्वारा उनकी वैध निजी जमीन पर किए जा रहे बाउंड्रीवाल निर्माण का विरोध किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से शिकायतें कर प्रशासन को गुमराह करने और भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
अजय सोमावार ने कहा कि निराधार आरोपों और अफवाहों के चलते उनका परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव झेल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी वैध भूमि पर नियमानुसार बाउंड्रीवाल निर्माण करना चाहते हैं और इसके लिए प्रशासन से अनुमति की अपेक्षा रखते हैं।
परिवार ने मांग की है कि झूठी शिकायतें करने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में नगर निगम और कलेक्टर कार्यालय में पहले ही लिखित शिकायत दी जा चुकी है।
मीडिया के माध्यम से परिवार ने शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।








