News

बिलासपुर में पंजाब से मंगाई जा रही MDMA ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद, ट्रांसपोर्टर समेत दो तस्कर गिरफ्तार

चकरभाठा क्षेत्र में सूखा नशा (सिंथेटिक ड्रग्स) के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और चकरभाठा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है।

ACCU और चकरभाठा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: 2.60 लाख रुपये का नशीला पाउडर और कार जब्त, आरोपी भेजे गए जेल

BILASPUR NEWS.चकरभाठा क्षेत्र में सूखा नशा (सिंथेटिक ड्रग्स) के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और चकरभाठा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो शातिर नशा तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में एक स्थानीय ट्रांसपोर्टर भी शामिल है, जो अपने ही ट्रांसपोर्ट के माध्यम से पंजाब बॉर्डर से ड्रग्स मंगाकर यहां खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.60 लाख रुपये कीमत की 26.05 ग्राम चमकीली MDMA ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार सहित कुल 13 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चकरभाठा क्षेत्र में काफी दिनों से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर ACCU और स्थानीय पुलिस को सतर्क कर संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी बीच मंगलवार की देर रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार (क्रमांक CG 28 L 8130) खड़ी है, जिसमें सवार दो युवक किसी बड़े ग्राहक की तलाश में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ लेकर बैठे हैं।

भागने की कोशिश नाकाम, घेराबंदी कर दबोचा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल खोलीभाटा मैदान की घेराबंदी की। पुलिस की गाड़ियों को अपनी ओर आता देख कार सवार आरोपियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने घबराकर कार स्टार्ट की और मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेरा डालकर गाड़ी को रोक लिया। कार से नीचे उतारकर जब दोनों युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीली नशीली पाउडर (MDMA) बरामद हुई। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस प्रतिबंधित ड्रग्स को बिलासपुर और आसपास के इलाकों में मोटी रकम में खपाने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।

ट्रांसपोर्ट के जरिए पंजाब से मंगाया था नशा

पुलिस जांच में पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा (29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12, चकरभाठा) और महेश वर्मा (21 वर्ष, निवासी चकरभाठा) के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी चंद्रेश बलेचा स्वयं ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। उसने अपने इसी कारोबार की आड़ में पंजाब बॉर्डर के एक कुख्यात ड्रग तस्कर से संपर्क साधकर यह प्रतिबंधित पाउडर मंगवाया था। इसके बाद वह अपने साथी महेश वर्मा के साथ मिलकर इसे महंगे दामों में बेचने की फिराक में था और इसके लिए कुछ स्थानीय ग्राहकों से पहले ही सौदा भी तय कर चुका था।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, भेजे गए जेल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.60 लाख रुपये मूल्य की MDMA ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल 13 लाख रुपये का माल जब्त किया है। आरोपी चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के खिलाफ चकरभाठा थाने में नारकोटिक्स एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय खरीदारों और पंजाब के ड्रग सप्लायर की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india