भाजपा का ‘प्रशिक्षण महाअभियान’ तैयार: झूलेलाल मंगलम में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कल से, दिग्गज नेता करेंगे मार्गदर्शन
जिले में कल 25 मई से शुरू होने जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम स्थल झूलेलाल मंगलम में रविवार को प्रशिक्षण प्रभारी एवं योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

BILASPUR NEWS. जिले में कल 25 मई से शुरू होने जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम स्थल झूलेलाल मंगलम में रविवार को प्रशिक्षण प्रभारी एवं योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, बैठने की सुविधा, आवासीय प्रबंध तथा भोजन व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया। जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चल रही तैयारियों पर रूपनारायण सिन्हा ने संतोष जताते हुए टीम की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक, राजनीतिक और मीडिया प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल करेंगे। दूसरे सत्र में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नि, तीसरे सत्र में संभाग सहप्रभारी अभिषेक शुक्ला तथा चौथे सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मीडिया प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
पांचवें सत्र में सांसद रूप कुमारी चौधरी कार्य विस्तार विषय पर संबोधित करेंगी, जबकि छठवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे का संबोधन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
द्वितीय दिवस में प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल तथा प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक श्रद्धा मिश्रा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। समापन सत्र में योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा विचार परिवार पर अपने विचार रखेंगे, जबकि प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. अखिलेश जैन सैद्धांतिक अधिष्ठान विषय पर संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में होगा। भाजपा संगठन इस प्रशिक्षण को कार्यकर्ताओं के वैचारिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मान रहा है।








