Crime News: पति पर शक पड़ा भारी: पत्नी के हमले में प्राइवेट पार्ट कटा, हालत नाजुक
चकरभाठा बस्ती निवासी दंपती के बीच काफी समय से संबंधों में तनाव था। पत्नी को पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

BILASPUR NEWS. जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे अविश्वास और कथित अफेयर के शक ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी कि मामला गंभीर आपराधिक घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी ने धारदार हंसिए से पति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में पति का प्राइवेट पार्ट भी कट गया, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, चकरभाठा बस्ती निवासी दंपती के बीच काफी समय से संबंधों में तनाव था। पत्नी को पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देर रात हिंसक झगड़े में बदल गई।
बताया जा रहा है कि पति रात में घर लौटने के बाद सो गया था। इसी दौरान विवाद फिर बढ़ा और गुस्से में पत्नी ने घर में रखा धारदार हंसिया उठाकर हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दर्द से कराहते हुए वह घर से बाहर निकला, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना में प्रयुक्त हंसिया भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घरेलू विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।








