मर्सिडीज से टक्कर बनी मौत की वजह! प्रताड़ना से टूटे ट्रक ड्राइवर ने जंगल में लगाई फांसी, मौत से पहले 8 वीडियो में बयां किया दर्द
जगदलपुर-गीदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे के बाद कथित प्रताड़ना से परेशान ट्रक चालक ने आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर लगातार आठ वीडियो पोस्ट कर अपनी पीड़ा साझा की और खुद को निर्दोष बताते हुए मर्सिडीज कार सवारों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया।

DANTEWADA NEWS. जगदलपुर-गीदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे के बाद कथित प्रताड़ना से परेशान ट्रक चालक ने आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर लगातार आठ वीडियो पोस्ट कर अपनी पीड़ा साझा की और खुद को निर्दोष बताते हुए मर्सिडीज कार सवारों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया। शुक्रवार को उसका शव बंजारी घाट के जंगल में एक पेड़ से लटका मिला।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय ताम्रध्वज साहू के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले का निवासी था और रायपुर के एक ट्रांसपोर्टर का ट्रक चलाता था। जानकारी के अनुसार गुरुवार को वह ट्रक में सामान लेकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में लग्जरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
“मां मुझे माफ कर देना…”
आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज फूट-फूटकर रोता नजर आया। उसने कहा कि हादसा जानबूझकर नहीं हुआ था और ट्रक के ब्रेक में तकनीकी खराबी के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद कार सवारों और उनके साथ पहुंचे लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की तथा परिवार को बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो में उसने मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर सका। ट्रक मालिक से भी उसने खुद को निर्दोष बताते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
सोशल मीडिया वीडियो से खुला मामला
ट्रक मालिक लक्ष्मण ने जब सोशल मीडिया पर वीडियो देखा तो तत्काल दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और युवक का मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया गया। लोकेशन बंजारी घाट के जंगल में मिली, जहां पहुंचने पर युवक का शव पेड़ से लटका मिला।
दो अलग-अलग मामलों की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटना और आत्महत्या, दोनों मामलों में अलग-अलग जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मर्सिडीज कार के मालिक का पता चला
आरटीओ रिकॉर्ड के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज कार (KA03MQ6809) आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस कार में सवार लोगों और कथित मारपीट में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर पूछताछ में जुटी हुई है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
गौरव राय, एसपी दंतेवाड़ा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। वहीं एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले तथ्यों को जांच का अहम आधार बनाया गया है।







