Bilaspur News: नलों से निकल रहा ‘जहर’! सरकंडा के वार्डों में गंदे पानी से हाहाकार, रहवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह, हिमांशु राई और क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

BILASPUR NEWS. स्मार्ट सिटी और अमृत मिशन के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के दावों के बीच सरकंडा क्षेत्र के कई वार्डों के रहवासी दूषित और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। वार्ड क्रमांक 60, 62 (कपिल नगर) और 65 में लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।
बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह, हिमांशु राई और क्षेत्र के अन्य नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने प्रभावित वार्डों में सप्लाई हो रहे गंदे पानी को बोतलों में भरकर मीडिया के सामने प्रदर्शित किया और कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को शुद्ध पेयजल तक नसीब नहीं हो रहा है।
पीने तो दूर, घरेलू उपयोग के लायक भी नहीं पानी
रहवासियों ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में दुर्गंध के साथ गंदगी साफ दिखाई देती है। स्थिति इतनी खराब है कि इस पानी का उपयोग न तो पीने के लिए किया जा सकता है और न ही नहाने या कपड़े धोने जैसे घरेलू कार्यों के लिए। लोगों का आरोप है कि दूषित पानी की वजह से क्षेत्र में पीलिया, डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
क्षेत्रवासियों के अनुसार पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि राजेश शुक्ला द्वारा कई बार नगर निगम आयुक्त, महापौर और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास और मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
भ्रष्टाचार और लापरवाही से बिगड़े हालात
पत्रकार वार्ता में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के कारण आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट को लेकर पहले भी कई बार प्रदर्शन और निगम कार्यालय का घेराव किया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अब आर-पार की लड़ाई होगी
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई और अमृत मिशन योजना की खामियों को दूर नहीं किया गया, तो प्रभावित वार्डों के नागरिक एकजुट होकर नगर निगम के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन छेड़ेंगे। उनका कहना है कि अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समाधान चाहती है और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।








