Crime News: स्कूल फ्रेंड निकला बेवफा, शादी से मुकरने पर थाने पहुंची छात्रा
22 वर्षीय छात्रा और तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पड़रिया निवासी गौरव एक ही स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल के दिनों की दोस्ती समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा और मुलाकातें भी होती रहीं।

BILASPUR NEWS. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। एक कॉलेज छात्रा ने अपने स्कूल के पुराने मित्र पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि युवक ने विवाह का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए, लेकिन जब शादी की बात आई तो उसने साफ इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्रा और तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पड़रिया निवासी गौरव एक ही स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल के दिनों की दोस्ती समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा और मुलाकातें भी होती रहीं।
पीड़िता का आरोप है कि जुलाई 2024 में युवक उसे अपने घर ले गया, जहां शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी दोनों के बीच संबंध बने रहे। छात्रा का कहना है कि युवक लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा, जिससे उसे विश्वास था कि दोनों की शादी होगी।
मामला तब बिगड़ा जब छात्रा ने विवाह की बात को लेकर दबाव बनाना शुरू किया। आरोप है कि युवक ने पहले टालमटोल की और बाद में बातचीत बंद कर अपने गांव चला गया। शादी से इनकार के बाद छात्रा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।







