तोरवा में एक दिन में दो बड़ी वारदात: पहले ऑटो चालक की हत्या, फिर 66 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला, जानिए पूरा मामला
तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराध की दो बड़ी वारदातों ने सनसनी फैला दी। पहले देवरीखुर्द मोड़ स्थित शराब दुकान परिसर में ऑटो चालक बबलू साहू की निर्मम हत्या कर दी गई। इसके बाद बूटा पारा तालाब के पास 66 वर्षीय बुजुर्ग कन्हैया पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा है।

BILASPUR NEWS. तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराध की दो बड़ी वारदातों ने सनसनी फैला दी। पहले देवरीखुर्द मोड़ स्थित शराब दुकान परिसर में ऑटो चालक बबलू साहू की निर्मम हत्या कर दी गई। इसके बाद बूटा पारा तालाब के पास 66 वर्षीय बुजुर्ग कन्हैया पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का अपोलो अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एक ही दिन हुई इन दोनों वारदातों के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दोनों घटनाओं के पीछे एक ही आरोपी की भूमिका की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शराब दुकान परिसर में मिली ऑटो चालक की लाश
देवरीखुर्द मोड़ स्थित शराब दुकान परिसर में सोमवार शाम एक ऑटो की पिछली सीट के नीचे बबलू साहू का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पहुंची तोरवा पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मृतक के गले और सीने पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान मिले हैं।
मृतक देवरीखुर्द निवासी था और उसका ऑटो क्रमांक CG 10 T 0731 बताया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सबूत मिटाने सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का शक
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल के आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए कैमरों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस अब क्षेत्र के अन्य कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।
तालाब के पास 66 वर्षीय बुजुर्ग के गले में मारा चाकू
दूसरी घटना बूटा पारा तालाब के पास हुई। बताया जा रहा है कि 66 वर्षीय कन्हैया तालाब के पास टहल रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक ने उन पर हमला कर उनके गले में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
क्षेत्र में नशे को लेकर पहले भी शिकायतें, अब उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बूटा पारा तालाब और आसपास के क्षेत्र में अक्सर नशे का सेवन करने वाले लोगों की आवाजाही रहती है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक, इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन कथित तौर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि क्षेत्र में नशे के खिलाफ नियमित कार्रवाई और निगरानी होती तो शायद अपराधियों के हौसले पर अंकुश लगाया जा सकता था। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एक ही दिन में हत्या और चाकूबाजी की घटना के बाद अब क्षेत्रवासियों में आक्रोश है और पुलिस की गश्त तथा नशे के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने की मांग उठ रही है।
क्या दोनों वारदातों के पीछे एक ही आरोपी?
एक ही थाना क्षेत्र में ही हुई दोनों वारदातों को लेकर पुलिस सभी संभावित कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक ही आरोपी द्वारा दोनों घटनाओं को अंजाम दिए जाने की आशंका भी जांच का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







