कोरबा में सनसनीखेज हत्याकांड: सुबह की पिटाई का बदला लेने के लिए सो रहे मजदूर पर लाठी से ताबड़तोड़ 30-35 वार कर उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोमवार दोपहर एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे चबूतरे पर सो रहे एक मजदूर की लकड़ी (लाठी) से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के समय मृतक मजदूर नशे में धुत होकर सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ 30 से 35 बार वार किए।

KORBA NEWS .छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सोमवार दोपहर एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे चबूतरे पर सो रहे एक मजदूर की लकड़ी (लाठी) से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के समय मृतक मजदूर नशे में धुत होकर सो रहा था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके सिर पर ताबड़तोड़ 30 से 35 बार वार किए। इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सुबह हुआ था विवाद, दोपहर में लिया बदला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजेश रोज ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर काम की तलाश करता था। इसी इलाके में भरत साहू (38) नाम का एक अन्य युवक भी रहता था, जो इधर-उधर घूमकर अपना जीवन बिताता था। दोनों ही नशे के आदी थे। सोमवार सुबह भरत नशे की हालत में नग्न अवस्था में घूम रहा था, जिसे देखकर राजेश ने उसे मना किया और उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी।
इस पिटाई से नाराज और गुस्से में तमतमाया भरत बदला लेने की फिराक में था। दोपहर में जब राजेश हमेशा की तरह ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर सो रहा था, तब भरत वहां आया और उसके बगल में बैठ गया। कुछ देर बाद उसने पास ही पड़ी लकड़ी उठाई और सो रहे राजेश के सिर पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया।
लोगों ने रोकने का प्रयास किया, पर नहीं माना आरोपी
जब भरत चबूतरे पर सो रहे राजेश पर लाठी बरसा रहा था, तो वहां मौजूद कुछ राहगीरों और लोगों ने उसे रोकने और पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी का खून इस कदर सवार था कि वह नहीं रुका। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज से हुई पहचान, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई एमबी पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का मर्ग पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सामने आए लाइव वीडियो की मदद से आरोपी भरत साहू की पहचान की और उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
> आपसी विवाद में हुई हत्या, आरोपी कोर्ट में होगा पेश
> “मृतक और आरोपी दोनों मजदूरी करते थे और दोनों को नशे की लत थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि आपसी विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया है। सीसीटीवी और वीडियो फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।”
> **— प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसपी**







